रसोई गैस की कीमतों में उछाल! घरेलू सिलेंडर ₹60 और कमर्शियल ₹115 महंगा
ईरान जंग के बीच सरकार का इमरजेंसी ऑर्डर; किल्लत रोकने के लिए LPG उत्पादन बढ़ाने का फैसला

देश में आम जनता पर महंगाई की एक और गाज गिरी है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में ₹60 का बड़ा इजाफा कर दिया है। इस फैसले के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर अब ₹853 के बजाय ₹913 में मिलेगा। केवल घरेलू ही नहीं, बल्कि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी ₹115 बढ़ा दिए गए हैं, जिससे इसकी नई कीमत अब ₹1883 हो गई है। सिलेंडर की ये बढ़ी हुई दरें आज यानी 7 मार्च से पूरे देश में लागू कर दी गई हैं।
यह बढ़ोतरी एक ऐसे नाजुक समय में हुई है जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध का तनाव चरम पर है। मिडिल ईस्ट के हालातों को देखते हुए भारत में गैस की भारी किल्लत (Shortage) होने की आशंका जताई जा रही है। इसी संभावित संकट को रोकने के लिए सरकार ने अपनी ‘इमरजेंसी पावर’ का इस्तेमाल करते हुए देश की सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को तत्काल प्रभाव से एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का कड़ा आदेश जारी किया है।
सरकार के नए निर्देशों के मुताबिक, अब सभी रिफाइनरी कंपनियां प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल किसी अन्य औद्योगिक कार्य के लिए नहीं, बल्कि विशेष रूप से रसोई गैस (LPG) बनाने के लिए ही करेंगी। साथ ही, सभी कंपनियों को अपनी पूरी सप्लाई सरकारी तेल कंपनियों (जैसे IOC, HPCL और BPCL) को देनी होगी ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के सिलेंडर मिलता रहे। आपको बता दें कि इससे पहले अप्रैल 2025 में दाम ₹50 बढ़े थे, जिसके लगभग एक साल बाद यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।